योगी सरकार का बड़ा फैसला : यूपी में मुफ्त सीटी स्कैन की सौगात

अब जिलों में भी नहीं लगेगा कोई शुल्क

लखनऊ : प्रदेश की जनता के लिए एक और राहतभरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में मुफ्त सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध कराने का बड़ा फैसला लिया है। अब तक जिन जिलों में मरीजों को इस जांच के लिए शुल्क देना पड़ता था, वहां भी अब यह सेवा बिल्कुल निशुल्क मिलेगी।

सिटी स्कैन की सुविधा होगी निशुल्क
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाने वाली सरकार ने अब तक जिन 6 जिलों लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, कुशीनगर, मुरादाबाद और रायबरेली में सीटी स्कैन जांच के लिए 500 रुपये शुल्क लिया जा रहा था, वहां भी अब मरीजों को यह सुविधा बिना किसी शुल्क के मिलेगी। यह निर्णय गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जानकारी दी कि 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज और कानपुर के 2 विशेष संस्थानों को इस योजना में शामिल किया गया है। इन संस्थानों में इलाज और जांच की सुविधाओं को और अधिक सशक्त किया जाएगा। आगरा, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, बांदा, आजमगढ़, सहारनपुर, अंबेडकर नगर, जालौन, कन्नौज और बदायूं। साथ ही, कानपुर का हृदय रोग संस्थान और जेके कैंसर संस्थान को भी इस विस्तार में शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
योगी सरकार द्वारा लिया गया यह फैसला प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। मुफ्त सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत देंगी, बल्कि प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था की सुलभता और विश्वसनीयता को भी बढ़ावा देंगी।

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में यह निर्णय एक क्रांतिकारी बदलाव की दिशा में संकेत करता है। अब चाहे राजधानी लखनऊ हो या दूरदराज का कोई जिला मरीजों को आधुनिक और मुफ्त जांच सुविधा उपलब्ध होगी। यह सरकार की “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

 

 

Related Articles

Back to top button