हरियाण: योग दिवस की पूर्व संध्या पर कुरुक्षेत्र में जुटी आस्था और ऊर्जा
ब्रह्मसरोवर पहुंचे सीएम सैनी ने स्वामी रामदेव के चरण छुए

हरियाणा (कुरुक्षेत्र): 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर अद्वितीय उत्साह और श्रद्धा का संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और योगगुरु स्वामी रामदेव ब्रह्मसरोवर पहुंचे, जहां उन्होंने योग की परंपरा और संस्कृति को सम्मान देते हुए एकजुटता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री सैनी ने स्वामी रामदेव के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 21 जून की सुबह 4 बजे आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में पूरे उत्साह से भाग ले
ब्रह्मसरोवर पर स्वामी रामदेव का योगाभ्यास और आचमन
स्वामी रामदेव ने योग दिवस से पहले पुरुषोत्तमपुरा बाग स्थित घाट पर बच्चों के साथ योगाभ्यास किया। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल से आचमन कर योग के साथ भारतीय संस्कृति की गहराई को भी रेखांकित किया।
योग है ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा योग हमारे ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत है। यह परंपरा लुप्त होने की कगार पर थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम है वन वर्ल्ड, वन हेल्थ” (एक विश्व, एक स्वास्थ्य), जिसे दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने में भारत की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि योग अब केवल एक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन जीने की आवश्यकता बन गया है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 177 देश करेंगे योग
स्वामी रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा इस बार 177 देशों में योग दिवस मनाया जाएगा। यह भारत के लिए गर्व की बात है। योग आत्मा, मन और चेतना का संतुलन है, जो घर-घर में पहुंचेगा तो समाज में शांति और समरसता आएगी। उन्होंने बताया कि सिर्फ आधे घंटे का नियमित योग भी व्यक्ति के जीवन में स्थायी परिवर्तन ला सकता है।
ब्रह्मसरोवर में जुटेगा जनसैलाब
21 जून को कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में होने वाले राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और योग संस्थाएं पूर्ण रूप से तैयार हैं। अनुमान है कि कार्यक्रम में 1 लाख से अधिक लोग एक साथ योग करेंगे।मंच, मैदान, और यातायात प्रबंधन से लेकर सुरक्षा तक हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। योग प्रशिक्षक, वालंटियर और स्वास्थ्य टीमें तैनात की जा चुकी हैं।
योग से जुड़ेगा विश्व बनेगा प्रेरणा का केंद्र
इस वर्ष का योग दिवस कुरुक्षेत्र में न सिर्फ स्वास्थ्य के लिए, बल्कि संस्कृति, आस्था और आत्मिक ऊर्जा के एक विराट संगम के रूप में याद किया जाएगा। जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री मोदी विशाखापत्तनम से दुनिया को योग का संदेश देंगे वहीं कुरुक्षेत्र से लाखों लोग इस पवित्र परंपरा में भाग लेकर भारत की आध्यात्मिक शक्ति को वैश्विक मंच पर स्थापित करेंगे।