अखिलेश यादव पर पुलिस की टिप्पणी से सपाइयों मे आक्रोश
अभद्र टिप्पणी करने वाले 6 सिपाही हो गए सस्पेंड

फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक सिपाही ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर वॉट्सऐप स्टेटस के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस हरकत को कई और पुलिसवालों ने भी दोहराया, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में गुस्सा फैल गया।
सपा नेताओं ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने जांच के बाद 24 घंटे के अंदर छह सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। कुछ और सिपाहियों पर भी इस टिप्पणी को वायरल करने का आरोप है, जिनकी जांच चल रही है। उन पर भी कार्रवाई हो सकती है।
सपा के फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव ने एसएसपी सौरभ दीक्षित से मिलकर इस मामले की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि शिकोहाबाद में तैनात सिपाही प्रदीप ठाकुर, जो पहले एसपी देहात के साथ थे, ने अखिलेश यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। सपा कार्यकर्ताओं ने इस पर कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी ने तुरंत सीओ सदर चंचल त्यागी को जांच सौंपी और रिपोर्ट देने को कहा था।
जांच के बाद सीओ सदर ने बताया कि सिपाही प्रदीप ठाकुर पर लगे आरोप सही हैं। उनकी टिप्पणी को जिले के पांच और सिपाहियों ने भी शेयर किया था। एसएसपी ने बताया कि प्रदीप ठाकुर के अलावा मुख्य आरक्षी कुलदीप, आरक्षी राहुल, आरक्षी अमित, आरक्षी अरुण और आरक्षी सौरभ को भी दोषी पाया गया है।