बुजुर्गों की देखभाल के लिए सरकारी कर्मचारियों को मिल सकेगी 30 दिन की छुट्टी

नई दिल्ली : केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों को 30 दिन की छुट्टी लेने की अनुमति है, जिसे बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल जैसे व्यक्तिगत कारणों के लिए उपयोग किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री से पूछा गया था कि क्या सरकारी कर्मचारियों के लिए अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए छुट्टी लेने का कोई प्रावधान है? सिंह ने लिखित उत्तर में बताया, “केंद्रीय सिविल सेवा (छुट्टी) नियम, 1972 के तहत 30 दिन की अर्जित छुट्टी, 20 दिन की आधी वेतन की छुट्टी, आठ दिन की आकस्मिक छुट्टी और प्रति वर्ष दो दिन की प्रतिबंधित छुट्टी प्रदान की जाती है।”

इसके अलावा अन्य पात्र छुट्टियां भी केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों को दी जाती हैं, जिन्हें किसी भी व्यक्तिगत कारण के लिए उपयोग किया जा सकता है। इसमें बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए भी अधिकतम एक महीने की छुट्टी लेना शामिल है।

सरकारी शिकायत निवारण की समयसीमा में सुधार
केंद्र के विभिन्न सुधारों ने सार्वजनिक शिकायतों के निवारण की समयसीमा को 2019 में 28 दिनों से घटाकर इस वर्ष 16 दिन कर दिया है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने अप्रैल 2022 में केंद्रीय सार्वजनिक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली के लिए 10-चरणीय सुधार पेश किए हैं, ताकि शिकायत निवारण समय पर, प्रभावी और नागरिकों के लिए सुलभ हो सके।

यह प्रणाली नागरिकों को सरकारी विभागों के खिलाफ आनलाइन शिकायतें उठाने की अनुमति देता है। जितेंद्र सिंह ने कहा रिक्तियों का होना और भरना एक निरंतर प्रक्रिया है, जो विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों में स्थिति और आवश्यकता पर निर्भर करती है। केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों में एक मार्च, 2021 तक स्वीकृत पदों की कुल संख्या 40,35,203 थी।

छह साल में रोजगार 47.5 करोड़ से बढ़कर 64.33 करोड़
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्यसभा में आरबीआइ के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि देश में रोजगार की संख्या 2023-24 में 64.33 करोड़ हो गई, जो 2017-18 में 47.5 करोड़ थी।

इसी अवधि में श्रमिक जनसंख्या अनुपात 46.8 प्रतिशत से बढ़कर 58.2 प्रतिशत हो गया, जबकि बेरोजगारी दर छह प्रतिशत से घटकर 3.2 प्रतिशत हो गई। मंत्रालय ने कहा कि युवा बेरोजगारी दर 17.8 प्रतिशत से घटकर 10.2 प्रतिशत हो गई, जो आइएलओ की विश्व रोजगार और सामाजिक ²ष्टिकोण 2024 के अनुसार वैश्विक युवा बेरोजगारी दर 13.3 प्रतिशत से कम है।

Related Articles

Back to top button