भारत-पाक तनाव: पाकिस्तान की मदद को कराची पहुचा तुर्की का युद्धपोत

कराची बंदरगाह पर पाकिस्तान के नेवी अधिकारियों ने किया स्वागत

इस्लामाबाद : तुर्की की नेवी का जंगी जहाज (युद्धपोत) टीसीजी बुयुकडा पाकिस्तान पहुंचा है। पाकिस्तान नेवी ने रविवार को अपने बयान में कहा है कि कराची पोर्ट पर तुर्की का जहाज आया है। पाकिस्तान ने इसे तुर्की के साथ समुद्री सहयोग मजबूत करने की दिशा में अहम कदम कहा है।

तुर्की का ये युद्धपोत ऐसे समय पर कराची आया है, जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। हाल ही में तुर्की से पाकिस्तान को हथियारों भेजे जाने का दावा भी कुछ रिपोर्ट में किया गया था। हालांकि तुर्की ने इन खबरों का खंडन करते हुए साफ किया कि उसका विमान केवल ईंधन भरने के लिए पाकिस्तान में रुका था, इसे हथियार आपूर्ति जैसी चीजों से जोड़ना गलत है।

पाकिस्तान नौसेना के महानिदेशालय जनसंपर्क (DGPR) के अनुसार, कराची बंदरगाह पर पहुंचने पर तुर्की नौसैनिक जहाज का पाक नौसेना के अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बयान में बताया गया है कि टीसीजी बुयुकाडा कुछ दिन कराची पोर्ट पर रहेगा। यहां जहाज के क्रू मेंबर पाकिस्तान नौसेना के लोगों के साथ मिलकर काम करेंगे। इससे दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच समझ बढ़ेगी और सहयोग मजबूत होगा।

तुर्की-पाकिस्तान के रक्षा संबंध
तुर्की और पाकिस्तान ने हालिया वर्षों में अपने रक्षा संबंध मजबूत किए हैं। तुर्की की रक्षा कंपनियां पाकिस्तान की पनडुब्बियों को बेहतर बनाने में मदद कर रही हैं। तुर्की से पाकिस्तान को ड्रोन जैसे सैन्य उपकरण भी मिल रहे हैं। दोनों देश मिलकर सैन्य अभ्यास भी करते रहते हैं। हाल ही में दोनों देशों ने अतातुर्क-XIII नाम से साझा सैन्य अभ्यास किया था। इसमें दोनों देशों की स्पेशल फोर्स ने हिस्सा लिया था।

Related Articles

Back to top button