पाकिस्तान में लश्कर का टॉप आतंकी सैफुल्लाह खालिद ढेर

सैफुल्लाह को अज्ञात हमलावरों ने मौत के घाट उतारा

इस्लामाबाद: भारत में कई हाई-प्रोफाइल आतंकी हमलों की साजिश रचने के आरोपी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक शीर्ष आतंकवादी सैफुल्लाह खालिद की पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हत्या की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह हत्या अज्ञात हमालवरों ने की है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

सैफुल्लाह खालिद ने भारत में तीन बड़े आतंकवादी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता था। इनमें रामपुर में 2001 में सीआरपीएफ कैंप पर हमला, बैंगलोर में 2005 में भारतीय विज्ञान कांग्रेस (ISC) पर हमला और नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय पर 2006 में हमला शामिल हैं।

सैफुल्लाह खालिद विनोद कुमार के नकली नाम से नेपाल में कई वर्षों तक रहा। इस नाम से उसने फर्जी पहचान पत्र भी बनवाए थे। उसने एक स्थानीय महिला नगमा बानो से शादी भी की थी। माना जाता है कि नेपाल से वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए गतिविधियों का समन्वय करता था, भर्ती और लॉजिस्टिक सपोर्ट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। हालांकि, इसके बावजूद वह खुद को लो प्रोफाइल रखे हुए था।

हाल ही में, खालिद ने अपना ठिकाना बदल लिया था। वह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के बदीन जिले के मतली में शिफ्ट हो गया था। वहां, वह लश्कर-ए-तैयबा और उसके मुखौटे संगठन जमात-उद-दावा के लिए काम करता रहा, जिसका मुख्य ध्यान आतंकी अभियानों के लिए भर्ती और धन संग्रह पर था। हालांकि, अज्ञात हमलावरों ने उसे वहां भी ढूंढ निकाला और मौत के घाट उतार दिया।

Related Articles

Back to top button