म्यूजिक टीचर ने 12 साल की बच्ची से किया दुष्कर्म
फरार आरोपी को देहरादून पुलिस ने दबोचा

देहरादून : प्रेमनगर क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से उसके संगीत के शिक्षक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार रात प्रेमनगर के रहने वाले शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक 12 वर्षीय छात्रा एक शिक्षक से संगीत की शिक्षा लेने जाती थी। घरवालों ने उसका एडमिशन अप्रैल महीने में कराया था। वह यहां पर 31 मई तक पढ़ने गई। इसके बाद जून की छुट्टियां शुरू हो गईं।
गत एक जुलाई को परिजनों ने बेटी को फिर से शिक्षक के पास जाने को कहा तो वह नहीं गई। अगले दिन भी वह कोई बहाना बनाकर घर पर ही रुक गई। इस पर उसकी मां ने पूछा तो वह रोने लगी। बच्ची ने मां को बताया कि संगीत शिक्षक उसके साथ कई बार छेड़खानी कर चुका है। विरोध करती थी तो धमकाता था। एक दिन उसने दुष्कर्म भी किया। इस बात को बच्ची की मां ने उसके पिता से बताया तो गत तीन जुलाई को प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष कुंदन राम ने बताया कि सूचना पर तत्काल आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला दारोगा ने बच्ची से पूछा तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया।