बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, बर्खास्त
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा - किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं

देहरादून : शासन ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, बागेश्वर कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि) की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। उन्हें विजिलेंस की टीम ने एक सैनिक कल्याण कार्यकर्ता के अनुबंध को बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बागेश्वर कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि) को सैनिक कल्याण विभाग ने 14 जुलाई, 2022 को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के संविदा के पद पर तैनाती प्रदान की थी। उन्हें हाल ही में विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा, राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, सैनिक कल्याण जैसे संवेदनशील विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह की किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा, सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी ने जारी आदेश में कहा, कैलाश चंद्र की शिकायत पर विजिलेंस ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। घूस लेने के आरोपी अधिकारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।