उत्तरकाशी में यमुनोत्री पैदल मार्ग पर दरकी पहाड़ी, मलबे में दबने से बच्ची की मौत
एसडीआरएफ-पुलिस टीम ने दबे या़ित्रयों को निकालकर अस्पताल भेजा

देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तराखंड में जनपद के यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची बैंड के पास अचानक पहाड़ी से मलबा भरभरा कर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से आए मलबे में दबने से एक बच्ची की मौत हो गई है, जबकि एक घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मलबे में एक और व्यक्ति दबने की सूचना है, लेकिन मलबा हटने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
सोमवार शाम के समय यमुनोत्री मार्ग पर नौ कैंची में अचानक पहाड़ी दरकने से मलबे में कुछ यात्री दब गए। सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उत्तरकाशी जिला सूचना अधिकारी के अनुसार मलबे की चपेट में कुछ यात्री आए हैं। हादसे में मलबे में दबी एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर बाद 4.12 बजे बिना बारिश के यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची बैंड के पास अचानक पहाड़ी टूट गई। पहाड़ी के मलबे में कुछ तीर्थ यात्री दब गए। एसडीआरएफ और यमुनोत्री पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। मलबा हटाने के बाद ही पता चल पाएगा कि कितने यात्री इसकी चपेट में आए हैं।
पुलिस और एडीआरएफ ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए मलबा हटाया। मलबे में दबे एक यात्री को मलबे से बाहर निकालकर घायल अवस्था में उपचार के लिए पीएचसी जानकीचट्टी भेजा गया। इसका उपचार चल रहा है। डॉ. हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि वह खतरे से बाहर है।
जानकीचट्टी चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि यमुनोत्री की ओर फंसे हुए श्रद्धालुओं को निकाला जा रहा है। मलबा हटाने पर पता चलेगा कि कोई दबा तो नहीं है। फिलहाल रेस्क्यू किए गए एक यात्री का उपचार चल रहा है। जिला आपदा कंट्रोल रूम ने घटना स्थल से एक बच्ची का शव निकाले जाने की पुष्टि की है।