उत्तराखंड में भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बने धामी
हरकी पैड़ी पर मुख्यमंत्री ने किया गंगा किया पूजन

हरिद्वार : हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर नदी उत्सव कार्यक्रम का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने मां गंगा की पूजा अर्चना कर राष्ट्र समाज के लिए सुख समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए विशेष है। आज से चार वर्ष पूर्व मुझे उत्तराखंड राज्य के मुख्य सेवक के रूप में मेरी पार्टी ने मेरे लिए यह जिम्मेदारी तय की थी। इन चार वर्षों में अनेक चुनौतियां हमारे सामने आईं और हर बार वो चुनौतियां हमारे लिए अवसर बन गईं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तराखंड में भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सीएम की कुर्सी पर उन्हें लगातार चार साल हो जाएंगे। ये उनके दो कार्यकालों के चार साल हैं, जिनमें उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करके देश भर में विशेष पहचान बनाई और खूब सुर्खियां बटोरीं।
चार साल पहले जुलाई में पुष्कर सिंह धामी को राज्य की बागडोर सौंपी गई थी। तब विधानसभा चुनाव में सिर्फ छह-सात महीने शेष थे। नए युवा चेहरे के कंधों पर भाजपा को चुनाव जिताने की जिम्मेदारी थी। सत्तारूढ़ दल की वापसी न कर पाने का मिथक बन गया था। मगर धामी ने मिथक तोड़ दिया। चुनाव जीतकर भाजपा ने इतिहास रच दिया।
धामी के हाथों में ही कमान सौंपकर भाजपा हाईकमान ने भी नई इबारत लिख डाली। तब से लेकर अब तक केंद्रीय नेतृत्व के लिए धामी उत्तराखंड में भाजपा के सबसे विश्वसनीय चेहरा साबित हुए हैं। चाहे यूसीसी लागू करने की बात रही हो या फिर नकल विरोधी, धर्मांतरण विरोधी जैसे कानूनों की, धामी ने उन्हें अमल में लाने में देरी नहीं की।
धामी के व्यवहार में सौम्यता और एक्शन में कठोरता हमेशा दिखी। उनके कामकाज को मान्यता देने के लिए पीएम मोदी कई बार उत्तराखंड आए। पीठ थपथपाई और साफ संदेश दिया कि वह बगैर किसी चिंता के इसी गति से काम करते रहें। इस बीच सांस रोकने वाला सिलक्यारा टनल प्रकरण रहा हो या फिर रोमांच की पराकाष्ठा वाले राष्ट्रीय खेल, अपनी क्षमताओं के इम्तिहान में धामी पूरे नंबर लाकर पास हुए।
- भाजपा सरकारों में रहे मुख्यमंत्री व उनका कार्यकाल
नित्यानंद स्वामी 9.11.2000 से 29.10.2001
भगत सिंह कोश्यारी 30.10.2001-01.03.2002
मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी(सेनि)07.03.2007-26.06.2009
मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी(सेनि)11.09.2011-13.03.2012
डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक 27.06.2009-10.09.2011
त्रिवेंद्र सिंह रावत 18.03.2017- 10.03.2021
तीरथ सिंह रावत 10.03.2021-03.07.2021
पुष्कर सिंह धामी 04.07.2021- जारी