यूपी के प्रॉपर्टी डीलर की मुंबई में हत्या

गैस सिलेंडर से सिर पर हमला किया; दो आरोपी गिरफ्तार

चंदौली (UP) : नोनार (तुलसीआश्रम) गांव निवासी युवक की मुंबई में तीन युवकों ने गैस सिलेंडर से सिर पर प्रहार कर मौत की नींद सुला दिया। युवक मुंबई में प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। मुंबई पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। घटना की जानकारी होने पर स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।

नोनार (तुलसीआश्रम) गांव निवासी निठोहर प्रजापति के चार पुत्र अवधेश प्रजापति, संजय प्रजापति, लालू प्रजापति व धनंजय प्रजापति और तीन पुत्री रिंकी, पार्वती व मीरा है। अवधेश व संजय प्रजापति करीब 30 साल से महाराष्ट्र के बसई थाना के जानकी पाड़ा में रहते है। प्रापर्टी डीलिंग के साथ ही ब्याज पर पैसा वितरित करते थे।

परिजनों के अनुसार रविवार को दोपहर में तीन लोगों ने ब्याज का पैसा देने के लिए संजय प्रजापति को बुलाया था। इसी बीच पैसे की लेन देन में विवाद हो गया। तीन युवक मिलकर संजय प्रजापति को मारने लगे। हालांकि संजय प्रजापति पहलवान होने के नाते एक युवक को पटक दिया।

इसी बीच एक युवक ने छोटे गैस सिलेंडर से सिर पर प्रहार कर दिया। प्रहार इतना तेज था कि संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची महाराष्ट्र पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मौके से दो आरोपितों की शिनाख्त होने पर एक को पकड़कर थाने ले गई।

बेटियों को डाक्टर बनाने का सपना रह गया अधूरा
नोनार गांव के निठोहर प्रजापति के दो पुत्र अवधेश व संजय अपने रिश्तेदारों के साथ मुंबई में रहते थे। छोटा भाई धनंजय व लालू अपने पिता के साथ पढ़ाई के साथ खेती का भी काम करते है।
संजय बीते मार्च महीने में घर आया हुआ था। कुछ दिन रहने के बाद मुंबई वापस लौट गया। बेटियों को अक्सर डाक्टर बनाने की बात कहता। लेकिन परिवार पर इतना बड़ा दुखों का पहाड़ टूट जाएगा किसी को पता नहीं था। पत्नी मंजू देवी, माता कौशिल्या देवी, छोटा भाई लालू व धनंजय का रो-रोकर बुरा हाल था।

Related Articles

Back to top button