वकील से मिलने जा रही दुष्कर्म पीड़िता पर फायरिंग
जेल में बंद पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक पर आरोप

मुरादाबाद : जेल में बंद मूंढापांडे के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता पर बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। घटना के समय पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ ई रिक्शा में सवार होकर गुलाबबाड़ी क्षेत्र में जा रही थी। दिन दहाड़े हुई इस घटना में ई रिक्शा चालक और एक बाइक सवार भी छर्रे लगने से घायल हो गए।
पुलिस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मझोला क्षेत्र में रहने वाली महिला ने नौ अप्रैल 2023 को सिविल लाइंस थाने में दीन दयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
इसमें महिला ने आरोप लगाया कि ललित कौशिक ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसकी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी ललित कौशिक वर्तमान में बलरामपुर जेल में बंद है। दुष्कर्म केस की सुनवाई कोर्ट में विचाराधीन है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने केस के संबंध में वकील से बातचीत करने कचहरी आई थी। उसके साथ मां और भाई भी मौजूद थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ गुलाबबाड़ी क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रही थी। इसी बीच बाइक सवार तीन बदमाश आ गए।
आरोपियों ने पीड़िता पर फायरिंग शुरू कर दी। पीड़िता के पीठ में गोली लगी है। इस फायरिंग में ई रिक्शा चालक और एक बाइक सवार भी घायल हुआ है। दिनदहाड़े हुई घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बाइक दौड़ाकर रामगंगा रेलवे पुल के नीचे से गुलाबबाड़ी चुंगी की ओर भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को जिला अस्पताल भिजवा दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।