उत्तराखंड से लद्दाख तक 1032 किमी की यात्रा को हिमाद्री दल रवाना
CM Dhami ने दिखाई हरी झंडी देहरादून : भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस

देहरादून : भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) का 45 सदस्य हिमाद्री ट्रेकिंग दल 1032 किमी लंबे अभियान पर रवाना हो गया है। यह दल उत्तराखंड से लद्दाख के बीच 27 घाटियों, 27 दर्रों को पार करेगा। इस ट्रेकिंग मार्ग पर 84 वाइब्रेंट विलेज भी आएंगे।
इस दौरान यह दल 3.5 लाख फलदार पौधों को भी वितरित करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह अभियान न केवल साहस और संकल्प का प्रतीक है बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सामरिक सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से आइटीबीपी के हिमाद्री ट्रेकिंग अभियान-2025 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी सुनिश्चित करेगा बल्कि धार्मिक एतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की पहचान तथा स्थानीय परंपराओं को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि वीरभूमि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में सेना और अद्र्धसैनिक बलों में सेवा करने वाले वीर जवान देश की रक्षा में योगदान दे रहे हैं। आइटीबीपी 1962 से लगातार देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आपदाओं के समय भी राहत व बचाव कार्यों में अपनी भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार सैनिकों और उनके स्वजन के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बलिदानियों के स्वजन को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख किया गया है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली धनराशि में वृद्धि की गई है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को सरकार बसों में निश्शुल्क यात्रा, संपत्ति की खरीद पर स्टांप ड्यूटी में छूट और बेटियों के विवाह हेतु विशेष अनुदान जैसी योजनाएं भी चलाई जा रही है।