हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शुक्रवार से सावन माह का शुभारंभ

लखनऊ के कोनेश्वर मंदिर, कल्याणगिरी मंदिर में सावन के हर सोमवार को होगा विशेष रुद्राभिषेक, पूरे माह पाठ

लखनऊ : शंखनाद, घंटे घड़ियालों की गूंज और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शुक्रवार से सावन माह का शुभारंभ हो गया। शहर के प्रमुख शिवालयों में एक दिन पहले से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं और हर कोना शिवमय हो उठा है। मंदिरों के बाहर बेलपत्र, भांग, धतूरा और पूजा सामग्री से सजी दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा सकती है। कोनेश्वर, मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर और राजेंद्रनगर स्थित महाकाल मंदिर में भक्तों का उत्साह चरम पर है। हर मंदिर की अपनी कथा, अपनी आस्था, और अपनी विशेष तैयारी है।

राजधानी लखनऊ स्थित प्रसिद्ध कल्याणगिरी मंदिर में सावन के हर सोमवार को विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष आयोजन शाम 8.00 बजे से शुरू होगा। यह जानकारी मंदिर की आयोजन समिति के अनुराग पांडेय ने दी।

अनुराग पांडेय ने बताया कि भगवान शिव जी की दिव्य कृपा प्राप्ति हेतु ठाकुरगंज स्थित श्री कल्याण गिरी मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में 51 शिवलिंगों पर अलग-अलग परिवारों की ओर से रुद्राभिषेक किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी देते हुए आगे बताया कि जो भी श्रद्धालु रुद्राभिषेक कराना चाहते हैं , वे मंदिर परिसर में महंत महावीर गिरी जी महाराज से संपर्क कर सकते हैं। इसमें कोई भी शामिल हो सकता है।

कोनेश्वर मंदिर: 25 ब्राह्मणों से होगा पूरे माह पाठ
चौक स्थित प्राचीन कोनेश्वर मंदिर में भगवान शिव के विशेष पाठ की शुरुआत बृहस्पतिवार शाम 7 बजे से की गई। मंदिर के पुजारी अमर नाथ ने बताया, पूरे माह 25 ब्राह्मण रोजाना शाम 7 से रात 9 बजे तक शिव पाठ करेंगे, जिसके बाद भव्य आरती होगी। श्रद्धालुओं के लिए हर सोमवार को ठंडाई का वितरण किया जाएगा। मंदिर में किए गए अद्भुत शृंगार को देखने के लिए दूर-दराज से लोग आ रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि 40 दिनों तक नियमित शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

Related Articles

Back to top button