प्रेमिका की शादी तय होने से गुस्साए प्रेमी ने किशोरी को दिया जहर

इलाज के दौरान किशोरी की मौत, फिर खुद ने भी खाया..

एटा (UP) : थाना बागवाला क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को विषाक्त पदार्थ खिलाकर खुद भी खा लिया। लड़की के परिजनों का कहना है कि 29 मई को हुई इस घटना के बाद प्रेमी ठीक हो गया। जबकि किशोरी की उपचार के दौरान 8 जून की रात में मौत हो गई। जिसके बाद मृतका के पिता ने युवक पर जहर देकर किशोरी की हत्या करने का आरोप लगाया है।

किशोरी की 4 जून को शादी होनी थी। इसकी जानकारी मिलते ही युवक बौखला गया। 29 मई को कूड़ा डालने जा रही किशोरी को रास्ते में रोक कर विषाक्त पदार्थ खिला दिया और खुद भी खा लिया। मृतका के पिता ने बताया कि गांव जलालपुर पलरा निवासी एक युवक उनकी 16 वर्षीय बेटी को 1 वर्ष से परेशान कर रहा था। कहता था कि तुझसे ही शादी करूंगा। किसी और के साथ शादी नहीं करने दूंगा। कई बार समझाने का प्रयास भी किया गया। लेकिन युवक व उसके परिजन कोई बात मानने को तैयार नहीं थे।

जानकारी होने पर परिजन किशोरी को निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए। यहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 8 जून की रात लगभग 2 बजे किशोरी की मौत हो गई। परिजन शव को यहां ले आए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मौत से पहले किशोरी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। अस्पताल में भर्ती किशोरी युवक पर जबरन जहर खिलाने का आरोप लगा रही है।

सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि दोनों ने ही एक साथ विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। किशोरी की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। वहीं युवक का उपचार चल रहा है और गंभीर स्थिति है। मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button